आईईडी डिटेक्टर से जांच, फिर भी ब्लास्ट

0

गरियाबंद जिले के बिंद्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र में नक्सलियों के आईईडी ब्लास्ट में शहीद हो गए जवान को शनिवार सुबह पुलिस परेड ग्राउंड में नम आंखों से श्रद्धांजलि दी गई। बताया जा रहा है जहां धमाका किया गया यह रास्ता पहले से ही निर्धारित था। जवानों के आने जाने के रास्ते की लगातार सर्चिंग की गई थी। आईईडी डिटेक्टर से जांच भी हुई थी। बावजूद इसके जवान चपेट में आ गया। आशंका जताई जा रही है कि दोपहर में IED प्लांट किया गया होगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शहीद जवान जोगिंदर सिंह के परिवार को तत्काल सहायता राशि के रूप में 1 लाख रुपए देने की बात कही है। शहीद जवान का पार्थिव शरीर आज उनके गृह राज्य जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना किया जाएगा।

शहीद जवान जोगिंदर सिंह को गरियाबंद के पुलिस परेड ग्राउंड में श्रद्धांजलि दी गई।

जम्मू का रहने वाला था शहीद जवान

गरियाबंद जिले में नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट की , जिससे ITBP का एक जवान शहीद हो गया है। शहीद जवान का नाम जोगिंदर सिंह उम्र 45 वर्ष है, जो जम्मू का रहने वाला था। मिली जानकारी के मुताबिक बड़े गोबरा पोलिंग बूथ से ITBP के जवान करीब 2 किलो मीटर तक आगे आए ही थे कि नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए IED ब्लास्ट हो गया। इस वक्त 60 से 70 जवानों के घेरे में पोलिंग पार्टी चल रही थी। नक्सल वारदात के बाद पोलिंग पार्टी को धमतरी के तुमड़ी बहार के रास्ते गरियाबंद तक सुरक्षित पहुंचाया गया।

नक्सलियों ने अंडरग्राउंड तरीके से प्लांट किया था IED

जवानों से मिली जानकारी के मुताबिक नक्सलियों ने अंडरग्राउंड तरीके से IED को प्लांट किया था। पोलिंग पार्टी के आगे-आगे जोगिंदर सिंह चल रहे थे, जिनका पैर IED पर पड़ा और ब्लास्ट हो गया। ये नक्सल वारदात शाम करीब 4.45 बजे की बताई जा रही है। यह वही विधानसभा सीट है जिसके कुछ मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील थे और दूसरे चरण में भी 9 मतदान केंद्रों में सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक ही मतदान का समय था।

गरियाबंद में नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट से एक जवान शहीद हो गया।

जवान के पैर और सिर पर गंभीर चोटें

बीएमओ गजेंद्र ध्रुव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया जवान जोगिंदर सिंह को 108 की मदद से मैनपुर अस्पताल लाया गया था, लेकिन जवान ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया था। जवान के पैर और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।

साईबीन कछार के एक बूथ के लिए 345 जवान 24 घंटे रहे तैनात

9 संवेदन शील मतदान केंद्र में साइबीन कछार का नाम भी शामिल था। इस केंद्र में सुरक्षित मतदान के लिए पूरी एक कंपनी तैनात थी। एक दिन पहले ही टीम ने इलाके को कवर कर लिया था। ग्रामीणों ने भी भय मुक्त मतदान का परिचय देते हुए 91 प्रतिशत मतदान किया।

शहीद जोगिंदर सिंह का शव लेकर मैनपुर अस्पताल पहुंचे जवान।

कौन कौन थे नक्सल प्रभावित मतदान केंद्र ?

बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के 9 मतदान केन्द्रों में 75-कामरभौदी, 77-आमामोरा, 78-ओढ़, 90-बड़े गोबरा, 114-गंवरगांव, 118-गरीबा, 120-नागेश, 121-साहबीनकछार और 122-कोदोमाली शामिल है। यहां सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक वोटिंग हुई।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *