5 साल में 40 गुना बढ़ी कार्तिक आर्यन की फीस

0

कार्तिक आर्यन का आज 33वां बर्थडे है। कार्तिक बॉलीवुड के उन स्टार्स में से एक हैं जिनका फैमिली बैकग्राउंड फिल्मों से नहीं था लेकिन उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाई। 2018 से 2023 तक पिछले 5 सालों में कार्तिक के करियर की ग्रोथ को केवल इस चीज से समझा जा सकता है कि 2018 में आई सोनू के टीटू की स्वीटी के लिए उन्हें ₹1 करोड़ मिले थे और आज वो एक फिल्म के लिए करीब 40 करोड़ फीस ले रहे हैं।

कार्तिक मूलतः मध्य प्रदेश के ग्वालियर से हैं। पेरेंट्स उन्हें डॉक्टर बनाना चाहते थे, लेकिन उनका फोकस एक्टिंग पर था। अच्छे परिवार से होने के बावजूद कार्तिक ने बॉलीवुड में काफी संघर्ष किया। स्ट्रगल के दिनों में रोज 12 लोगों का खाना तक बनाना पड़ा, ताकि मुंबई में सर्वाइव कर सकें।

आज कार्तिक हर प्रोड्यूसर, डायरेक्टर की पसंद हैं। बर्थ-डे पर जानते हैं उनकी जिंदगी की कुछ दिलचस्प बातें…

इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान दिया करते थे फिल्मों के लिए ऑडिशन
पापा का सपना था कि कार्तिक भी उन्हीं की तरह डॉक्टर बनें। मगर वो बचपन से एक एक्टर बनना चाहते थे। इसी वजह से कॉलेज में पढ़ाई के दौरान वो क्लासेस बीच में छोड़कर फिल्मों के लिए ऑडिशन देने चले जाते थे। कार्तिक ने अपने मॉडलिंग करियर की शुरुआत कॉलेज के टाइम ही शुरू कर दी थी। कार्तिक जहां भी ऑडिशन देने जाते थे, उन्हें रिजेक्ट कर दिया जाता था। ऑडिशन में मिल रही लगातार असफलता के बाद उन्होंने एक्टिंग कोर्स भी किया था।

पैसों की तंगी होने पर 12 लोगों के लिए खाना बनाते थे कार्तिक
मुंबई में रहने के दौरान ही कार्तिक को पैसों की तंगी होने लगी। ऐसे में वो 12 स्ट्रगलिंग एक्टर्स के साथ रहते थे। मुंबई में रहने के लिए कार्तिक उन 12 लोगों का खाना बना दिया करते थे। इससे उनकी कुछ कमाई हो जाया करती थी।

पहली फिल्म मिलने का किस्सा
जब कार्तिक कॉलेज के तीसरे साल में थे, तब उन्हें पहला फिल्मी ब्रेक मिला था। कार्तिक ने फिल्म प्यार का पंचनामा से एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म को साइन करने के बाद ही उन्होंने अपने पेरेंट्स को पहली फिल्म मिलने की जानकारी दी थी।

इस फिल्म में उन्हें काम कैसे मिला, उसका भी दिलचस्प किस्सा है। दरअसल, करियर के शुरुआती दिनों में उन्होंने फेसबुक पर अपना प्रोफाइल बना रखा था। यहां से उन्हें पता चला था कि किसी फिल्म के लिए न्यू कमर की तलाश है। इस मौके को बिना गंवाए वो इस फिल्म के लिए ऑडिशन देने चले गए। लोगों को कार्तिक का ऑडिशन बहुत पसंद आया और इस तरह वो फिल्म प्यार का पंचनामा का हिस्सा बने। कार्तिक ने बताया था कि ये ब्रेक उन्हें ढाई साल स्ट्रगल करने के बाद मिला था।

कार्तिक को पहली फिल्म के लिए 1.25 लाख रुपए मिले थे। 10 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 17 करोड़ का कलेक्शन किया था।

देश का सबसे लंबा डायलॉग बोलने वाले एक्टर बने
प्यार का पंचनामा फिल्म में कार्तिक ने 4 मिनट का मोनोलॉग बोला था। उनका ये डायलॉग इतना हिट हुआ कि इस फिल्म से कार्तिक स्टार बन गए। इस फिल्म के 2 साल बाद उन्होंने फिल्म आकाशवाणी में और कांची में काम किया पर दोनों ही बड़े पर्दे पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाईं।

2015 में कार्तिक की फिल्म ‘प्यार का पंचनामा 2’ रिलीज हुई। इस फिल्म में कार्तिक का 7 मिनट का मोनोलॉग था। इस बार कार्तिक ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया था। भारत में 7 मिनट का डायलॉग बोलने वाले कार्तिक पहले एक्टर थे। उनका ये डायलॉग भी खूब हिट रहा और सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। महज 22 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 88 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की थी। इसके बाद 2018 में आई फिल्म ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ ने ये साबित कर दिया कि कार्तिक कॉमिक लीड रोल के मास्टर हैं।

12 साल के करियर में 16 फिल्मों में काम किया
कार्तिक के करियर ग्राफ पर नजर डालें तो उन्होंने अभी तक 16 फिल्मों में काम किया है। जिसमें शॉर्ट फिल्म, धमाका, और फ्रेडी जैसी फिल्में OTT पर रिलीज हुई थीं। बाकी 13 फिल्में थिएटर में दस्तक दी थीं। इन 13 फिल्मों में से 8 फिल्में हिट रही थीं।महज 10 दिन में फिल्म धमाका शूट की थी
कार्तिक आर्यन के नाम सबसे कम दिनों में फिल्म शूट करने का भी रिकॉर्ड है। जहां किसी फिल्म को शूट करने में सालों लग जाते हैं, वहीं कार्तिक ने फिल्म धमाका की शूटिंग महज 10 दिनों में पूरी कर ली थी। ये फिल्म कोरियन फिल्म ‘द टेरर लाइव’ की रीमेक थी। इसे नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया गया था।

पहली कार थी थर्ड हैंड
कार्तिक की पहली फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन किया था, इसके बावजूद भी उनके पास रेड कार्पेट इवेंट में जाने के लिए खुद की कार नहीं थीं। जी हां, कार्तिक ने एक इंटरव्यू में बताया था कि पहली 2 फिल्म के बाद उन्होंने एक कार खरीदी थी, वो भी थर्ड हैंड, जिसकी कीमत 60 हजार रुपए थी। उस कार के डोर में प्रॉब्लम भी थी, इसके बावजूद उन्होंने ये कार ली क्योंकि रेड कार्पेट इवेंट में कार्तिक को ऑटो में, बाइक पर या लोगों से लिफ्ट लेकर जाना पड़ता था। अब उनके पास कई लग्जरी गाड़ियों का कलेक्शन है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *