Site icon NBS LIVE TV

लुधियाना एनकाउंटर में गैंगस्टर ढेर

पंजाब के लुधियाना में बुधवार शाम को पुलिस एनकाउंटर में गैंगस्टर सुखदेव उर्फ विक्की को ढेर कर दिया गया है। सुखदेव अपने साथियों के साथ गन पॉइंट पर लूट की वारदात करता था। गैंगस्टर सुखदेव 25 से ज्यादा केसों में वांटेड था। बुधवार को पुलिस को सूचना मिली थी वह लुधियाना के इलाके में घूम रहा है।

जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा शुरू कर दिया। जब वह कोहाड़ा-माछीवाड़ा रोड पर गांव पंजेटा के पास पहुंचा तो उसे भनक लग गई कि पुलिस पीछे लगी हुई है। उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलियां चला दी। पुलिस टीम की गोलियों से गैंगस्टर सुखदेव वहीं सड़क पर गिरकर ढेर हो गया।

वहीं एक ASI भी गोली लगने से घायल हुआ। जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस क्रॉस फायरिंग में दोनों तरफ से करीब 18 से 20 गोलियां चली हैं। गैंगस्टर के पास 32 बोर का पिस्टल था। इसके साथ CIA-2 के इंचार्ज बेअंत जुनेजा पर भी गोली चलाई गई। गोली उन्हें लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण वह बच गए।

गैंगस्टर सुखदेव उर्फ विक्की, जो एनकाउंटर में मारा गया।

पुलिस कमिश्नर कुलदीप चहल ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि गैंगस्टर सुखदेव की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह 4 लोगों का गैंग था। ये लोग पिछले काफी समय से इस इलाके में एक्टिव थे। इन्होंने शराब ठेकेदार, केमिस्ट और मनी एक्सचेंजर को गोली मारी थी। जिसके बाद से ही पुलिस इनके पीछे लगी हुई थी। आज इनके बारे में मुखबिरी मिली। पुलिस ने गैंगस्टर को सरेंडर करने को कहा तो उसने फायरिंग करनी शुरू कर दी।

गैंगस्टर सुखदेव माछीवाड़ा का ही रहने वाला था। उसके तीन साथियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी।

Exit mobile version