जीतू पटवारी पर बोले सीएम- रात की उतरी नहीं होगी
महिलाओं के शराब पीने वाले बयान पर कहा-
शर्म आनी चाहिए, डूब मरना चाहिए
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इशारों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को शराबी कह दिया।वे महिलाओं के शराब पीने वाले जीतू पटवारी के बयान पर बोल रहे थे। सीएम ने कहा कि पता नहीं कहां के आकड़े ले आए।
खुद की उतरी नहीं होगी रात की। सीएम के बयान पर पटवारी ने कहा कि मैं इसे पूरी विनम्रता से अस्वीकार करता हूं।
सीएम डॉ. मोहन यादव बुधवार को उज्जैन के गोपाल मंदिर के सामने रीगल टॉकीज की जगह बनने वाले कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स और पार्किंग का भूमिपूजन करने पहुंचे थे। यहां उन्होंने जीतू पटवारी के बयान पर कहा- कोई कहता है कि बहनें पैसा मिल गया तो दारू पीती हैं। शर्म आनी चाहिए, डूब मरना चाहिए।
सीएम ने कहा- तुम ऐसी बात करते हो। माफी मांगनी चाहिए। प्रदेश की जनता माफ नहीं करेगी। बहन बेटी का अपमान ये प्रदेश सहन करने वाला नहीं है। किसी भी हालत में इस बात को बर्दाश्त नहीं कर सकते। सीएम ने आगे कहा-
पता नहीं कहां के आकड़े ले आए। खुद की उतरी नहीं होगी रात में, पता नही क्या हुआ। किसके लिए कह रहे हैं, भगवान जाने। क्या मालूम क्या चक्कर है। जैसी बुद्धि वैसी बात। मैं गारंटी से कह रहा हूं हमारी बहनों का अपमान करने का अधिकार हमारी सरकार और हमारी पार्टी बिल्कुल देने को तैयार नहीं है।

